बिजुआ। शारदा नदी से हो रहे भीषण कटान की त्रासदी झेल रहे ग्राम पंचायत करसौर के मजरा चकपुरवा में पंचायत भवन का एक बड़ा हिस्सा भी कट गया है। अब शारदा नदी सिद्ध बाबा स्थान से महज दो मीटर दूर रह गई है।
गांव से बाहर बने तीन घर शारदा में समाने से बचे हैं। उधर, मजरा चकपुरवा तक जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। बता दें कि पहली बरसात में ही करसौर से चकपुरवा जाने वाले मार्ग पर रपटा पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। सड़क पर भी दोनों तरफ कटान हुआ था। यह रोड पीडब्ल्यूडी के अंतर्गत आती है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि विभाग ने पहले ध्यान दिया होता तो यह नौबत नहीं आती। उधर, लोकनिर्माण विभाग के जेई किरनकुमार का कहना है कि एक महीने में रपटा पुल चालू कर दिया जाएगा।