बड़ागांव और अतरिया ग्राम पंचायतों में लाखों रुपये के धन के दुरुपयोग का आरोप
लखीमपुर खीरी। पलिया ब्लॉक में तैनात एक पंचायत सचिव अरुण मिश्र और सफाईकर्मी अनीश को निलंबित कर उसे लखीमपुर ब्लॉक से संबद्ध किया गया है। पंचायत सचिव पर पलिया ब्लाक के बड़ागांव और अतरिया ग्राम पंचायत में लाखों रुपये की सरकारी धनराशि के दुरुपयोग का आरोप है। पूरे मामले की विस्तृत जांच एडीपीआरओ को सौंपी गई है।
पलिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत बड़ागांव और अतरिया में तैनात पंचायत सचिव अरुण मिश्रा के खिलाफ गांव के कुछ लोगों ने अनियमितता की शिकायत की थी। बड़ागांव में जांच के लिए जिला कृषि अधिकारी को नामित किया गया था। जिला कृषि अधिकारी ने कई बार फाइल मांगी, लेकिन सचिव ने नहीं दी। यहां भी विकास कार्यों में लाखों रुपये के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। अतरिया ग्राम पंचायत में साढ़े छह लाख रुपये से ज्यादा सरकारी धनराशि के दुरुपयोग का आरोप है। इस बाबत पलिया बीडीओ ने जांच रिपोर्ट भेजी थी।
जिला पंचायत राज अधिकारी सौम्यशील सिंह ने बताया कि पंचायत सचिव अरुण मिश्रा को शासकीय धनराशि के दुरुपयोग के मामले में निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि विस्तृत जांच एडीपीआरओ को सौंपी गई है। वहीं अरुण मिश्रा को लखीमपुर ब्लॉक से संबद्ध कर दिया गया है। इसके अलावा पलिया में ही तैनात सफाईकर्मी अनीस को निलंबित किया गया है। अनीस पर आरोप है कि वह अपनी तैनाती वाली ग्राम पंचायत में न जाकर प्रधानों से मिलकर दूसरी ग्राम पंचायतों में कंप्यूटर का काम करते थे। प्रधान ने बताया कि अनीस कभी कभार गांव में आता हैं। इस पर उसको निलंबित करते हुए विकास भवन की सफाई व्यवस्था में लगाया गया है।