मुठभेड़ के बाद बदमाश को इलाज के लिए ले जाती। पुलिस : स्रोत पुलिस
सिकंदराबाद (खीरी) । नीमगांव पुलिस की बृहस्पतिवार रात बेहजम क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो साथी भाग गए।
थानाध्यक्ष नीमगांव प्रवीर गौतम ने बताया कि पुलिस टीम बेहजम चौकी क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस के रुकने का इशारा करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया।
घायल बदमाश ने अपना नाम सेठ निवासी दिबियापुर थाना इमलिया सुल्तानपुर जिला सीतापुर बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 34 हजार रुपये नकद और कुछ सामान बरामद किया है। बरामद सामान बेहजम क्षेत्र में हुई चोरी का बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ सीतापुर, लखीमपुर और हरदोई के अलग-अलग थानों में करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। संवाद