धौरहरा। ईसानगर थाना क्षेत्र के मिश्रगांव जमदरी में शनिवार को जर्जर कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी, जिसकी चपेट में आकर एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
शनिवार दोपहर करीब दो बजे गांव निवासी बेचई (21) पुत्र मोहन और सुनील (18) पुत्र मिश्री लाल, बदलू की कच्ची दीवार के पास चारपाई पर बैठकर धूप सेंक रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार गिर गई और दोनों युवक मलबे में दब गए। आसपास मौजूद ग्रामीण शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बेचई(21) की सांसें थम चुकी थीं।
गंभीर रूप से घायल सुनील को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष निर्मल तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार दीवार काफी समय से जर्जर हालत में थी। अचानक हुए इस हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ ।