केसीसी संतृप्तिकरण महाअभियान की जानकारी देते हुए एलडीएम। स्रोत स्वयं
लखीमपुर खीरी। किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद में केसीसी संतृप्तिकरण महाअभियान शुरू किया गया है। 31 मई तक चलने वाले इस अभियान का शुभारंभ बेहजम ब्लॉक परिसर में किया गया।
जिला अग्रणी प्रबंधक अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न बैंक शाखाओं की ओर से किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और इससे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पशुपालन एवं फसली ऋण खातों के नवीनीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि किसानों को समय से फसली ऋण चुकाने पर मिलने वाले ब्याज अनुदान के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी देकर किसानों को प्राकृतिक आपदाओं एवं फसल नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिला अग्रणी प्रबंधक ने सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिए कि वे महाअभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़कर लाभान्वित करें।