खमरिया। समदहा गांव में रविवार दोपहर शौच के लिए निकली छह वर्षीय बच्ची की नाले में डूबकर मौत हो गई। प्राथमिक विद्यालय के पीछे नाले के किनारे पहुंचते ही उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समा गई। बच्चों के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने गोताखोरों की मदद से उसका शव बाहर निकलवाया।
गांव निवासी राकेश कुमार की छह वर्षीय पुत्री सुनैना रविवार दोपहर करीब एक बजे घर से शौच के लिए निकली थी। वह प्राथमिक विद्यालय के पीछे स्थित शारदा नदी के नाले के किनारे पहुंची थी, तभी पैर फिसलने से गहरे पानी में गिर गई। पानी अधिक गहरा होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सकी और डूब गई।
आस-पास मौजूद बच्चों ने उसे डूबते देखा तो शोर मचाया और परिजनों व ग्रामीणों को सूचना दी। सभी नाले की ओर दौड़े। स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर बच्ची की तलाश कराई गई। काफी मशक्कत के बाद उसका शव पानी से बाहर निकाला जा सका।
सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि सूचना पर खमरिया पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
रोते बिलखते परिजन । संवाद