देवकली। बरात की बस में युवती से छेड़खानी के बाद वलीमे की दावत में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। लाठी-डंडे चलने से दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हुए हैं।
क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को पीलीभीत में बरात गई थी। बराती अधिक और वाहन कम होने के कारण एक बस में पुरुष और महिलाएं दोनों बैठ गईं। रास्ते में एक युवक ने युवती से छेड़खानी कर दी। विवाद होने पर लोगों ने समझाकर शांत कर दिया। बृहस्पतिवार को वलीमे की दावत में खाना खाने के वक्त विवाद होने लगा।
लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर चलाए जाने लगे। महिलाओं की भी पिटाई कर दी। पड़ोसी घरों में घुसकर महिलाओं ने अपनी जान बचाई। हंगामे में बंडा-नभीची मार्ग पर जाम लग गया। तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत किया। पुलिस को तहरीर दी गई लेकिन अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
थाना प्रभारी प्रदीप राय ने बताया कि एक पक्ष से मारपीट की तहरीर मिली थी। अभी छेड़खानी के मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।