गोला में बाईपास मार्ग निर्माण को लेकर सर्वे करती संयुक्त टीम। स्रोत: विभाग
गोला गोकर्णनाथ। शहर को जाम और बढ़ते यातायात दबाव से राहत दिलाने के लिए अलीगंज मार्ग को लखीमपुर हाईवे से जोड़ने वाले प्रस्तावित बाइपास निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। करीब पांच किलोमीटर लंबे इस मार्ग के लिए पीडब्ल्यूडी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने प्रारंभिक सर्वे पूरा कर लिया है।
विधायक अमन गिरि के प्रयासों से प्रस्तावित यह बाइपास अलीगंज मार्ग के भुड़वारा गांव मोड़ से शुरू होकर जलालपुर और वजीर नगर होते हुए कुनौठिया गांव के सामने लखीमपुर मार्ग हाईवे से जुड़ेगा। इसके बनने से शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
सर्वे के दौरान पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-3 के जूनियर इंजीनियर सतनाम सिंह, आलोक कुमार और रामचंद्र के साथ राजस्व निरीक्षक अरुणेश मिश्र व लेखपाल रमेश कुमार और पुष्पेंद्र सिंह मौजूद रहे। टीम ने प्रस्तावित मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर जमीन की स्थिति और तकनीकी पहलुओं का आकलन किया।
हालांकि, परियोजना से भुड़वारा, जलालपुर और वजीर नगर के कुछ किसानों की जमीन प्रभावित होगी। प्रशासन का कहना है कि आगे की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाएगी। बाइपास बनने से यातायात व्यवस्था सुगम होने के साथ क्षेत्र के विकास को भी गति मिलने की संभावना है।