बिजुआ। भीरा थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर निवासी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मालिक की चीनी मिल के केन यार्ड में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह बुधवार की शाम गांव के ही एक किसान का गन्ना लेकर चीनी मिल आए थे। मृतक के भाई ने बताया कि उनके मुंह से झाग निकल रहे थे। पुलिस साथी किसान को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
ग्राम रायपुर निवासी जगदीश ने बताया कि उनका पुत्र आशीष (20) अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली से गांव के परसराम का गन्ना लेकर गुलरिया चीनी मिल गया था। देर शाम आठ बजे आशीष ने परिवार वालों को फोन से बताया की चीनी मिल के गन्ना यार्ड में पहुंच गया है। तौल होने तक वहीं आराम करेगा। उसके साथ परसराम भी हैं। देर रात 12 बजे परसराम ने फोन कर बताया कि आशीष की तबीयत बहुत ज्यादा खराब है। परिवार वाले गुलरिया चीनी मिल पहुंचे।
चीनी मिल के मुख्य सुरक्षा अधिकारी श्रीनिवास कापरी और परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सभी की मदद से परिजन आशीष को लेकर बिजुआ अस्पताल पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई सुभाष ने बताया कि आशीष के मुंह से झाग निकल रहे थे। उधर, पुलिस ने परसराम को हिरासत में लेकर पूछताछ करनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अंतिम संस्कार से इन्कार, पुलिस ने दिया जांच का आश्वासन
बिजुआ। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। मिल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। परिजनों के साथ ग्रामीणों के रोष की सूचना पर भारी संख्या में पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर जांच का आश्वासन दिया। गोला सीओ अजेंद्र यादव तथा भीरा, मैलानी, पलिया, मझगई, फूलबेहड़ के एसओ मौके पर देर रात तक डटे रहे। मृतक के पिता जगदीश प्रसाद का कहना है कि अभी तक भी इस बात की जानकारी नहीं हो सकी है कि घटना कैसे हुई। जब वे लोग गुलरिया चीनी मिल पहुंचे तो वहां पर मिल प्रशासन का कोई अधिकारी नहीं मिला। मृतक का अंतिम संस्कार तभी किया जाएगा, जब मौत के कारणों का पता चलेगा। सीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद