फरधान। थाना क्षेत्र में मन्यौरा समपार फाटक के पास लखनऊ से मैलानी जाने वाली पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त मन्यौरा गांव निवासी सचिन कुमार (23 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय कल्लूराम के रूप में हुई। घटना मंगलवार रात करीब 12 बजे हुई। बृहस्पतिवार को उसकी बहन की शादी थी।
थानाध्यक्ष निराला तिवारी ने बताया कि फरधान रेलवे स्टेशन और देवकली हाल्ट के बीच मन्यौरा समपार फाटक पर ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत शव देखा। फरधान पुलिस व रेलवे सुरक्षा पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस शिनाख्त नहीं करा सकी और शव को मोर्चरी भेज दिया। मौके पर मिले मोबाइल फोन के आधार पर बृहस्पतिवार को शव की पहचान सचिन के रूप में हुई। पूर्व प्रधान मंजीत कश्यप ने बताया कि सचिन का मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता था और वह अक्सर घर से निकलकर घूमता रहता था। वह ट्रेन की चपेट में कैसे आया, यह स्पष्ट नहीं हो सका।
सचिन के पिता कल्लूराम का पहले ही निधन हो चुका है। बहन साधना देवी (20) की शादी बृहस्पतिवार को दिन में संपन्न कराई गई। पोस्टमाॅर्टम के बाद शव घर लाया गया। ग्रामीणों व रिश्तेदारों के सहयोग से शादी कराई गई। संवाद