मझगईं (खीरी)। रॉन्ग नंबर से शुरू हुई एक प्रेम कहानी उस समय थाने पहुंच गई, जब संदिग्ध हालत में दिखने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस प्रेमी जोड़े को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
करीब डेढ़ महीने पहले सिंगाही थाना क्षेत्र के मोतीपुर निवासी युवक (दिल्ली में रहता है) की बातचीत बहराइच जिले के एक गांव की युवती से रॉन्ग नंबर के जरिये शुरू हुई थी। फोन पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे प्यार में बदल गई।
तीन दिन पहले युवती अपने परिजनों को बिना बताए प्रेमी से मिलने दिल्ली के आनंद विहार पहुंच गई। वहां से युवक उसे लेकर पलिया होते हुए बम्हनपुर पहुंचा। बुधवार सुबह दोनों बम्हनपुर चौराहे पर एक दुकान पर चाय पी रहे थे, तभी उनकी गतिविधियों पर स्थानीय लोगों को शक हुआ और पुलिस को सूचना दे दी गई।
मौके पर पहुंची मझगईं पुलिस दोनों को थाने ले आई। उधर, युवती के अचानक गायब होने पर परिजनों ने बहराइच के थाना खैरीघाट में गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। सूचना मिलने पर खैरीघाट पुलिस और परिजन भी थाने पहुंच गए।
थाना प्रभारी अनिल सिंह पंकज ने बताया कि प्रेमी युगल को उनके परिजनों और खैरीघाट पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। आगे की जांच बहराइच पुलिस करेगी।