लखीमपुर खीरी। भारत-नेपाल सीमा पर बुधवार को एसएसबी ने 235 किलोग्राम खाद के साथ दो लोगों को पकड़ा। दोनों मोटरसाइकिल से खाद लेकर नेपाल जा रहे थे। जवानों ने खाद और बाइक जब्त कर दोनों को कस्टम कार्यालय तिकुनिया के सुपुर्द कर दिया।
तृतीय वाहिनी एसएसबी के डिप्टी कमांडेंट/जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार को बाह्य सीमा चौकी रननगर के जवान सीमा पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान सीमा स्तंभ संख्या 708 के पास कोवाखेड़ा घाट पर नेपाल की ओर जा रहे दो लोगों को मोटरसाइकिल सहित रोका गया। तलाशी में बाइक से डीएपी की दो बोरियां (100 किलोग्राम) और यूरिया की तीन बोरियां (135 किलोग्राम) बरामद हुईं।
पूछताछ में दोनों ने खाद नेपाल में बेचने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की। इसके बाद दोनों व्यक्तियों, खाद और मोटरसाइकिल को कस्टम कार्यालय तिकुनिया को सौंप दिया गया। जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि सीमा पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए एसएसबी लगातार सतर्क है।
-
2.56 लाख रुपये का तस्करी का सामान किया बरामद
धनगढ़ी (नेपाल)। कैलाली जिला पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र से करीब 2.56 लाख रुपये मूल्य का कपड़ा, किराना सामान और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल लावारिस हालत में बरामद की है। डीएसपी योगेंद्र तिमिल्सिना के अनुसार, गश्ती टीम ने धनगढ़ी उपमहानगरपालिका क्षेत्र और मोहाना नदी घाट (गौरीफंटा सीमा क्षेत्र) समेत जिले के विभिन्न स्थानों से यह सामान बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, तस्कर कस्टम (भंसार) शुल्क चुकाए बिना सामान अवैध रास्तों से नेपाल ला रहे थे। पुलिस को देखकर वे सामान और बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस ने जब्ती सूची तैयार कर बरामद सामान त्रिनगर-धनगढ़ी कैलाली भंसार कार्यालय को सौंप दिया है। संवाद
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी का सामान और बाइक बरामद
गौरीफंटा। नेपाल के कंचनपुर जिले की पुनर्वास नगरपालिका क्षेत्र में सशस्त्र पुलिस बल नेपाल ने तस्करी का सामान और एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में बरामद की है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 2.58 लाख नेपाली रुपये है। पुलिस को देखकर तस्कर सामान छोड़कर भारतीय सीमा की ओर भाग गए। पुनर्वास नगरपालिका के वार्ड संख्या चार स्थित ''घ'' गांव में एपीएफ आपताल बीओपी के उपनिरीक्षक तर्कराज ओझा ने बताया कि उनके नेतृत्व में पुलिस दल नियमित गश्त कर रहा था। इसी दौरान टीम ने संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सामान ले जा रहे कैरियर्स को देखा। पुलिस को अपनी ओर आता देख वे बाइक और बोरियों में लदा सामान छोड़कर भाग गए। जवानों ने बोरियां चौकी लाकर खोलीं तो उनमें लेडीज सूट पीस, अन्य कपड़े और तंबाकू-सुर्ती मिली। एपीएफ ने जब्ती सूची तैयार कर सामान और मोटरसाइकिल त्रिनगर कस्टम (भंसार) कार्यालय को सौंप दी है। संवाद