रमियाबेहड़। निघासन ब्लॉक सभागार में मंगलवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक ब्लॉक प्रमुख हरप्रीत कौर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सड़कों समेत विभिन्न विकास कार्यों के लिए 2.47 करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया।
खंड विकास अधिकारी जयेश कुमार सिंह ने बताया कि गत वित्तीय वर्ष में करीब ढाई करोड़ रुपये का लेवर बजट प्राप्त हुआ था। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 603 लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं। लघु सिंचाई योजना के अंतर्गत 895 बोरिंग कराई गईं, जबकि 8057 लाभार्थी विभिन्न पेंशन योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं।
पूर्ति निरीक्षक रामसेवक यादव ने बताया कि क्षेत्र में 9197 अंत्योदय कार्ड और 74089 राशन कार्ड धारक हैं। समाज कल्याण विभाग के अंकित राना ने दिव्यांग, वृद्धा और विधवा पेंशन योजनाओं सहित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह और कन्या सुमंगला योजना की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि विधायक शशांक वर्मा ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र की 14 ग्राम पंचायतों के विकास का खाका तैयार किया गया है। बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। शिक्षा, स्वास्थ्य व पुल निर्माण जैसे कार्य सरकार की प्राथमिकता में हैं। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष दीपक गुप्ता, राजेश गुप्ता, सोनू अग्रवाल, रविकांत सोनी, एडीओ विजय गुप्ता, जेई प्रतीक श्रीवास्तव सचिव नवीन राठौर सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।