बिजुआ सीएचसी में चल रहा इलाज : संवाद
भीरा। थाना क्षेत्र में रविवार को एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे चल गए। मारपीट में दूल्हे के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद बरात बिना शादी के ही वापस आ गई।
अजय कुमार पुत्र रामकुमार निवासी नकहा पिपरी थाना फरधान की बरात पड़रिया तिलकापुर गांव निवासी श्याम किशोर के घर आई थी। इस दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर बरातियों और डीजे संचालकों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते उग्र हो गई।
आरोप है कि डीजे संचालकों ने अपने साथियों को बुलाकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से बरातियों पर हमला कर दिया। हमले में दूल्हे के सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल दूल्हे को तत्काल निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुआ ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद बरात बिना शादी के ही लौट गई।
इस मामले में लड़की के पिता ने भीरा थाने में डीजे संचालक के खिलाफ तहरीर दी है। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।