बस सीज की कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन अधिकारी, एआरएम व सवारियां। स्रोत : विभाग
लखीमपुर खीरी। चंडीगढ़ से रुपईडीहा जा रही एक प्राइवेट बस को परिवहन विभाग और रोडवेज की संयुक्त चेकिंग के दौरान सीज कर दिया गया। बस में क्षमता से लगभग दोगुनी सवारियां मिलने पर अधिकारी भी हैरान रह गए। 52 सीटर बस में 100 से ज्यादा यात्री सवार मिले।
प्रवर्तन अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र ने बताया कि शुक्रवार को लखीमपुर डिपो की एआरएम गीता सिंह के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। राजापुर चौराहे के पास एक निजी बस को रोककर जांच की गई। बस के अंदर सीटों के अलावा फर्श पर भी यात्री बैठे मिले।
एक-एक यात्री को उतारकर गिनती कराई गई तो बस में 100 से अधिक सवारियां मिलीं, जबकि उसकी क्षमता केवल 52 सीट की है। इसके बाद बस को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
पूछताछ में चालक ने बताया कि वह रोजाना चेकिंग लोकेशन की जानकारी लेकर बस संचालित करता है, लेकिन शुक्रवार को गलत सूचना मिलने के कारण बस पकड़ी गई। प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि लोकेशन बताने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन के खिलाफ अब एआरटीओ, रोडवेज और जीएसटी विभाग संयुक्त अभियान चलाएंगे। बसों के ऊपर अधिक सामान मिलने पर जीएसटी अधिकारियों से भी जांच कराई जाएगी। बस सीज होने के बाद यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें रुपईडीहा भेजने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कराई गई।