सीएचसी पहुंचीं सीएमओ ने लगाई संविदा डाक्टर को फ टकार
कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद माने ग्रामीण
रविवार की रात प्रसव के लिए भर्ती हुई थी महिला
रमियाबेहड़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रसव के लिए रविवार की रात भर्ती हुई महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। इससे गुस्साए गांव वालों ने सोमवार की सुबह सीएचसी पर हंगामा काटा। चिकित्साधीक्षक डा. आरआर वर्मा व कोतवाल धौरहरा नन्दजी यादव ने पहुंचकर लोगों को शांत कराया। मौके पर पहुंची सीएमओ मंजू सिंह ने संविदा डाक्टर को फटकार लगाते हुए ग्रामीणों को कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
लबेदपुर गांव निवासी शकील रविवार की रात अपनी 30 वर्षीय पत्नी आलिया को प्रसव के लिए रमियाबेहड़ सीएचसी में भर्ती कराया था। आरोप है कि वहां मौजूद संविदा डॉक्टर धर्मेश और एएनएम ने लापरवाही बरती जिसके चलते आलिया ने एक मरे हुए शिशु को जन्म देने के बाद सुबह करीब चार बजे खुद भी दम तोड़ दिया। हालांकि एएनएम ऊषा त्रिपाठी ने कहा कि मरीज की हालत ज्यादा खराब थी, इसीलिए उन्होंने डा. धर्मेश से सलाह के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफ र किया था लेकिन परिवारीजन उसे नहीं ले गए जिसकी वजह से महिला की मौत हुई।
घटना की खबर मिलने के बाद लबेदपुर व आस पास के सैकड़ों ग्रामीण सीएचसी पहुंच गए और दोषी डॉक्टर व एएनएम के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पाकर रमियाबेहड़ और धौरहरा सीएचसी का कार्यभार देख रहे डा. आरआर वर्मा व कोतवाल धौरहरा नन्दजी यादव भी पहुंचे गए। डा. वर्मा ने किसी तरह समझा बुझाकर हंगामा कर रहे ग्रामीणों को शांत किया। इसके बाद पहुंचीं सीएमओ मंजू सिंह ने संबन्धित के बयान दर्ज करवाने के साथ ही लापरवाही बरतने वाले डाक्टर व एएनएम को सार्वजनिक रूप से फटकार भी लगाई। सीएमओ ने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।