सीओ और कोतवाल ने किया मौका मुआयना
शहर के मोहल्ला गोविंदनगर की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। शनिवार रात चोरों ने मोहल्ला गोविंदनगर में बंद पड़े एक अधिवक्ता के मकान का ताला तोड़कर लाइसेंसी रिवाल्वर और महिलाओं के जेवर सहित करीब 10 का सामान उड़ा दिया। घटना की जानकारी अधिवक्ता को रविवार की सुबह पड़ोसियों से हुई। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का मौका-मुआयना किया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सलेमपुर कोन के पास स्थित गोविंदनगर निवासी अधिवक्ता हरीश कुमार वर्मा मकान में ताला लगाकर शनिवार की शाम करीब साढ़े सात बजे अपने परिवार के साथ खीरी थाना क्षेत्र के गांव भानपुर गए हुए थे। बताया जाता है रात में चोर मेनगेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। तीन कमरों, एक आलमारी और दो बक्सों के ताले तोड़ दिए। पीड़ित अधिवक्त के मुताबिक आलमारी में उनके फौजी भाई बीरबहादुर वर्मा का लाइसेंसी रिवाल्वर, बीरबहादुर की पत्नी और हरीश की पत्नी के जेवर रखे हुए थे। चोरों ने रिवाल्वर सहित सारा जेवर व अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया। रविवार की सुबह जब हरीश को घटना की जानकारी पड़ोसियों से हुई तो घर पहुंचे। घर में बिखरा पड़ा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। चोरी की सूचना पाकर सीओ सिटी अवनीश्वर चंद, शहर कोतवाल डीके उपाध्याय सहित पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और मुआयना किया। शहर कोतवाल ने बताया कि इस मामले में पीड़ित अधिवक्ता की ओर से तहरीर मिली है। जिसकी रिपोर्ट दर्ज कर चोरों का पता लगाया जा रहा है।