मोहम्मदी में सीडीओ ने सुनी ग्रामीणों की शिकायतें
लखीमपुर खीरी। जुलाई के पहले मंगलवार को जिले की सातों तहसीलों में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। सीडीओ नितीश कुमार ने मोहम्मदी में तहसील दिवस की अध्यक्षता करते हुए ग्रामीणों की फरियाद सुनी। सुबह हो रही रिमझिम बारिश के बाद भी बड़ी संख्या में फरियादी तहसील दिवस में पहुंचे। मोहम्मदी में सीडीओ ने 170 शिकायतें सुनीं, तीन का निस्तारण किया।
मोहम्मदी। ब्लाक सभागार में आयोजित तहसील दिवस में कुल 170 शिकायतें दर्ज की गईं। इसमें सीडीओ ने तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया। सीडीओ ने तहसील दिवस की अध्यक्षता करते हुए कहा कि अधिकारी शिकायतों का निस्तारण मौके पर जाकर करें। काम में लापरवाही बरतने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर एसपी अरविंद सेन, सीडीओ नितीश कुमार, सीएमओ एके सिंह, एसडीएम सुल्तान अशरफ सिद्दीकी, एसडीओ बिजली सेवकराम राना, आदि अधिकारी मौजूद रहे।
गोला गोकर्णनाथ। मौसम की खराबी और वर्षा के बाद भी तहसील दिवस में 71 फरियादी आए। अधिकारियों की उदासीनता से दो का मौके पर निस्तारण ही हुआ। एसडीएम एसपी सिंह ने अध्यक्षता की।
इस मौके पर तहसीलदार अभिमन्यु वर्मा, एसडीओ मुकेश कुमार, बीडीओ भूषण कुमार, पूर्ति निरीक्षक श्रद्धा श्रीवास्तव, एबीएसए अनुराग मिश्र सहित कुछ विभागों के ही अधिकारी मौजूद रहे।
मितौली। तहसील दिवस में आए 36 मामलों में से किसी का निस्तारण नहीं हो सका। दो मामलों में एफआईआर के निर्देश दिए गए। तहसील दिवस की अध्यक्षता एडीएम हरिकेश चौरसिया ने की। तहसील दिवस में एसडीएम, बीडीओ, तहसीलदार आदि मौजूद रहे।
000000
चकबंदी से संबंधित शिकायतों की रही भरमार
मोहम्मदी। ब्लाक सभागार में आयोजित तहसील दिवस में चकबंदी से पीड़ित फरियादियों की संख्या अधिक रही। उमरपुर गांव के रामपाल ने चकबंदी विभाग द्वारा रकबा कम करने, गांव महमदपुरकामी के विमलेश कुमार, मेवाराम, महमदपुर दीना के राजाराम ने खेत की नाप कराने का शिकायती पत्र दिया।
00000
फरियाद लेकर पहुंचा विकलांग
मोहम्मदी। तहसील क्षेत्र के गांव बहादुरपुर निवासी विकलांग इब्बन अली ने पट्टे को लेकर शिकायत की। उसका कहना था कि उसके गांव में कृषि भूमि के पट्टों का आवंटन करने के लिए सूची बनाई गई जिसमें उसका नाम नहीं है, वह एक हाथ और पैरों से विकलांग है।
000000
कोतवाली का किया निरीक्षण
तहसील दिवस के बाद एसपी ने कोतवाली का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आरक्षी बैरक, शौचालय, मुकदमों में लिखी बाइकों का निरीक्षण, माल गोदाम, बीट रजिस्टर आदि देखे। उन्होंने शौचालय में पानी का टैंक रखवाने तथा दीवान से गश्त ड्यूटी में लगे सिपाहियों के बारे में पूरी जानकारी रखने को कहा।