मैगलगंज और जंगबहादुरगंज में आनंद सिंह भदौरिया के समर्थन में सभा
अमर उजाला ब्यूरो
मैगलगंज/जंगबहादुरगंज (लखीमपुर खीरी)। सपा महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य नरेश अग्रवाल ने कहा कि देश में मोदी की कोई लहर नहीं है, सिर्फ मीडिया और चैनल नरेंद्र मोदी की लहर दिखा रहे है। केंद्र में सपा की सरकार बनी तो आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा हटा दी जाएगी।
जंगबहादुरगंज में मिश्रा पेट्रोल पंप के पास और मैगलगंज में नाखासा बाजार प्रांगण में धौरहरा संसदीय सीट से सपा प्रत्याशी आनंद सिंह भदौरिया के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनाव पूंजीपति बनाम गरीब केे मुद्दे को लेकर हो रहा है। पूंजीपति मोदी के साथ हैं, गरीब जनता सपा के साथ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में महंगाई, भ्रष्टाचार चरमसीमा पर है। किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि गुजरात अच्छा व्यापारी दे सकता है, अच्छा नेता नहीं, अच्छा नेता यूपी ही दे सकता है। उन्होंने कहा कि बसपा कभी मुसलमानों का साथ नहीं दे सकती।
00000
‘ये पब्लिक है सब जानती है’
मैगलगंज। सपा महासचिव की यहां आयोजित सभा में नरेंद्र्र मोदी और मनमोहन सिंह खास कर नरेश अग्रवाल के निशाने पर रहे। बोले-यूपी में समाजवादी पार्टी की लहर चल रही है कांग्रेस, भाजपा और बसपा सिर्फ जनता को गुमराह करने का कार्य कर रहीं हैं। कहा, अब तक जितने भी प्रधानमंत्री बने वह यूपी के ही रहे हैं। इसीलिए नरेंद्र मोदी भी वाराणसी से पर्चा भरकर प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं, जो पूरा नहीं होगा। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के लिए बोले कि वह सिर्फ नाम के प्रधानमंत्री हैं, काम तो सब दस जनपद से चलता है। ये सब जनता जान चुकी है।
00000
इन्होंने किया संबोधित
जंगबहादुर गंज में हुई सभा को सपा प्रत्याशी आनंद भदौरिया, अर्बन कॉपरेटिव बैंक के चेयरमेन मनोज अग्रवाल, जिलाध्यक्ष शशांक यादव, असमां सिद्दीकी, डॉ. बेनजीर उमर, तृप्ति अवस्थी, दिव्या सिंह आदि ने तथा मैगलगंज में हुई सभा को राज्यमंत्री रियाज अहमद, सुरेश पांडेय, जिलाध्यक्ष शशांक यादव, नवाब कल्बे हसन, अजय यादव, पिहानी ब्लाक प्रमुख जेपी गुप्ता, मनोज अग्रवाल ने भी संबोधित किया। दोनों स्थानों पर काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।