रसोइये और शिक्षक के बयान दर्ज किए
घटना के दूसरे दिन बच्चे नहीं पहुंचे स्कूल
अमर उजाला ब्यूरो
सिकंद्राबाद। क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में महिला शिक्षामित्र के साथ हुए रेप के मामले में दूसरे दिन खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) जांच करने विद्यालय पहुंचे। उन्होंने रसोइये, शिक्षक और शिक्षामित्र के बयान दर्ज किए। वहीं दूसरे दिन बच्चे स्कूल नहीं पहुंचे।
महिला शिक्षामित्र के पति की तहरीर पर उसी स्कूल के शिक्षामित्र इदरीश उस्मानी के खिलाफ पुलिस ने रेप और धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की थी। आरोपी शिक्षामित्र को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। सीओ धौरहरा अरविंद मिश्रा जांच करने पहुंचे। वहीं घटना केदूसरे दिन मंगलवार की सुबह मितौली के बीईओ सुनील कुमार और एबीआरसी राजेश पांडे जांच करने प्राथमिक विद्यालय पहुंचे और रसोइये, शिक्षक और शिक्षामित्र के बयान दर्ज किए।
000
विभागीय टीम भेजी गई थी, जिसने मौके की जांच करने केसाथ ही लोगों के बयान दर्ज किए हैं। आख्या मिलने पर आरोपी शिक्षामित्र के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
-केशवराम मिश्रा, प्रभारी बीएसए
000
इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा चुकी है। मेडिकल रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
-दिनेश कुमार पुरी, सीओ सिटी
00000
जांच सीबीसीआईडी से कराने की मांग
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा है कि नीमगांव थाना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय की महिला शिक्षामित्र के साथ हुए रेप के मामले की जांच सीबीसीआईडी से कराई जाए। प्रेस को जारी बयान में जिलाध्यक्ष ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। संगठन के जिला प्रभारी सईद अहमद ने कहा है कि वादी और आरोपी के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जानी आवश्यक है, क्योंकि दोनों परिवारों के बीच काफी घनिष्टता थी, जिससे साजिश की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।