कुकरा। गोला जंगल में असलाहधारी बदमाशों ने सरेशाम आधा दर्जन दुकानदारों को लूट लिया है। इसकी सूचना पुलिस को दे दी गई है।
मैलानी थाना क्षेत्र के ग्राम मूड़ा निवासी जीशान खां और माबूद खां गोला से बाइक से घर वापस आ रहे थे। बताया जाता है कि सौफुटिया जंगल में पहले से घात लगाए बैठे तीन सशस्त्र बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और तलाशी लेकर जीशान के पास से एक हजार, माबूद से 2100 रुपये और घड़ी छीनकर उन्हें बांधकर जंगल में डाल दिया। इसके बाद बदमाशों ने फेरी लगाकर वापस जा रहे गोला के मुहल्ला रामनगर निवासी इसरार खां से 1400 रुपये, राजेंद्र नगर के महेश कुमार का मोबाइल और लकड़ी बीनने गए गोला के इश्तियाक खां की भी पिटाई की।
बदमाशों ने शाम होने तक कई अन्य राहगीरों को लूटा। उनके चले जाने पर बंधन मुक्त हुए पीड़ितों ने इसकी सूचना जंगल में ही नहर पर बैठे पुलिस कर्मियों को दी। पीड़ितों ने बताया कि तीनों लुटेरे युवा थे। जिनके हाथ में तमंचा और एक के पास तलवार थी।