64वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता
लखीमपुर खीरी। 64वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के तीसरे दिन गुरुवार को भीरा के कॉलेजों के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा दिया। चार प्रतियोगिताओं में इनका दबदबा रहा। फरधान, अल्लीपुर, संपूर्णानगर, गोला और पहाड़पुर कॉलेजों के बच्चों का प्रदर्शन भी अच्छा रहा। सत्राधिकारी राम सनेही वाजपेयी, निर्मल सिंह, प्रमिला शुक्ला, मुकुट बिहारी मिश्र, आनंद दीक्षित और विश्वनाथ ने खेल प्रतिभाओं की सराहना की।
भीरा के छाजूराम इंटर कॉलेज की छात्रा पारुल गुप्ता ने लंबी कूद, कादंबरी मिश्रा ने गोला फेंक, रोहित वर्मा ने चक्का फें क, जिला पंचायत इंटर कॉलेज के छात्र सचिन कुमार ने लंबी कूद में पहला स्थान प्राप्त किया। अल्लीपुर के राजकीय इंटर कॉलेज की शशि देवी ने 600 मीटर की दौड़, संपूर्णानगर पीआईसी के सन्नी ने सब जूनियर चक्का फेंक में, ओयल के वाईडी कॉलेज के किशोर ने सीनियर वर्ग के चक्का फेंक में प्रथम स्थान हासिल किया। पहाड़पुर के गुरुनानक इंटर कॉलेज के सत्यजीत मंडल ने सीनियर वर्ग की भाला फेंक में, गोला के केएस कॉलेज के जैनुल आब्दीन ने सीनियर वर्ग की लंबी कूद में पहला स्थान पाया। फरधान के किसान इंटर कॉलेज की छात्रा आरती वर्मा और लखीमपुर के जीआईसी की रितु मिश्रा ने 800 मीटर दौड़ में अपने-अपने वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया।
सब जूनियर बालिकाओं की लंबी कूद में शहरुखा परवीन द्वितीय, शुभ देवी तीसरे स्थान पर रहीं। सब जूनियर बालिका की 600 मीटर दौड़ में ममता देवी और अपूर्वा क्रमश: द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहीं। सब जूनियर बालिका गोला फें क में शुभ देवी और शताक्षी क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। इसी प्रकार सब जूनियर बालक वर्ग में हुई चक्का फेंक में सद्दाम अली और जितेंद्र राना, सीनियर वर्ग में जयकांत और रोशन लाल, सीनियर वर्ग की लंबी कूद में योगेंद्र्र शुक्ला, सुधीर कुमार, जूनियर वर्ग के चक्का फेंक में अबू अरशद और सचिन कुमार, जूनियर वर्ग की लंबी कूद में साहब लाल, अंकित कुमार, सीनियर बालिकाओं की 800 मीटर दौड़ में आकांक्षा और आशा देवी, जूनियर वर्ग में सुखबिंदर कौर और चैतन्या शुक्ला ने क्रमश: द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इन प्रतियोगिताओं में उद्घोषक क्षमा टंडन रहीं। राजकिशोर पांडेय प्रहरी, सत्यप्रकाश का सहयोग रहा।