दहेज के लिए हत्या का आरोप
लखीमपुर खीरी। दहेज की खातिर विवाहिता को कथित तौर पर जला कर मार देने के मामले में नामजद सात आरोपियोें में से पुलिस ने मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर चालान भेजा है।
पुलिस के अनुसार मोहल्ला भुईफोरवानाथ निवासी कन्हैयालाल वाजपेयी ने पुत्री ममता का विवाह मोहल्ला शिव कॉलोनी निवासी बृज किशोर के पुत्र दुर्गेशनंदन तिवारी के साथ किया था। आरोप है कि ससुराल के लोग विवाह में दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे, जिसके चलते चार नवंबर को ससुरालियों पहले उसे बुरी तरह मारापीटा तथा बाद में उसे जलाकर मार डाला था। दो दिन तक टरकाने के बाद पुलिस ने इस मामले में विवाहिता के ससुर बृजकिशोर, सास जमुनादेवी, पति दुर्गेश, ननद नीमिमा, ननदोई परमानंद, सीमा व अमरेंद्र के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज लिया था। कोतवाल नरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि इस मामले में प्रथम दृष्ट्या दोषी पाए जाने पर मृतका के पति दुर्गेश नंदन तिवारी निवासी शिव कॉलोनी तथा ससुर बृजकिशोर तिवारी को गिरफ्तार कर चालान भेजा है।