डेढ़ घंटे बाद भी नहीं पहुंची पुलिस, लगा जाम
रजागंज। पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर गोला कोतवाली क्षेत्र के गांव किशनुआपुर के पास ओवरटेक कर रही बाइक की टक्कर अज्ञात वाहन से हो गई, जिसमें एक होमगार्ड की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के डेढ़ घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे रोड पर दोनों तरफ लंबा जाम लग गया।
सीतापुर डिपो की बस यूपी 34सी/9280 गोला की ओर जाते समय किशनुआपुर गांव के पास खराब हो गई थी, जिससे बीच रोड पर बस खड़ी कर चालक कहीं चला गया था। शाम को बाइक यूपी 31एन/0399 गोला की ओर जा रही थी, किशनुआपुर गांव के पास खराब रोडवेज बस को बाइक चालक ओवरटेक कर रहा था, कि सामने से आए अज्ञात वाहन से वह टकरा गया। होमगार्ड की मौके पर ही मौत हो गई। होमगार्ड का नाम राजेंद्र बताया जा रहा है।
00000
बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत
गोला गोकर्णनाथ। लखीमपुर मार्ग पर बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई है।
हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मूड़ाभाई निवासी हरिश्चंद्र (55) साइकिल से जलालपुर से घर वापस लौट रहे थे। लखीमपुर रोड पर ज्ञान डेयरी के पास पीछे से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे हरिश्चंद्र सड़क पर गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोटें आ गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने बाइक चालक पंकज सक्सेना निवासी मोहम्मदाबाद को पकड़कर बाइक समेत पुलिस को सौंप दिया है। घायल के परिजनों को सूचना देकर लोगों ने हरिश्चंद्र को सीएचसी भेजवाया, जहां हालत गंभीर होने के कारण परिजन लखीमपुर जिला अस्पताल लिए जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हरिश्चंद्र के पुत्र विजय कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।