पुलिस ने दो अभियुक्तों को जेल भेजा
मैलानी। बीते साल दिसंबर में कुकरा निवासी फिरोज की हत्या पैसों के लेनदेन में हुई थी। पुलिस ने दो अभियुक्तों का चालान कर दिया है। तीसरा अभियुक्त एक अन्य मामले में पहले से ही जेल में है।
कुकरा निवासी फिरोज की लाश 14 दिसंबर को पहाड़नगर गांव के पास एक खेत से मिली थी। उसी दिन इस मामले में मुकदमा पंजीकृत हुआ था। पुलिस के मुताबिक फिरोज का पहाड़नगर निवासी प्रताप सिंह और कुकरा निवासी हसमत पर लगभग 20हजार रुपये बकाया था। फिरोज के पिता सलीम एक दिन प्रताप के घर तकादा करने गए तो सलीम और प्रताप के बीच हुए विवाद में सलीम ने गाली दे दी। इसी पर प्रताप ने सलीम को सबक सिखाने की ठान ली।
पुलिस के मुताबिक प्रताप ने सलीम को पैसे देने के बहाने अपने घर बुलाया और रात तक पैसों का इंतजाम कर देने को कहा। लेकिन, अगली सुबह 14 दिसंबर 2011 को फिरोज की लाश पहाड़नगर के पास एक खेत से मिली। पुलिस ने इस मामले का खुलासा कर प्रताप तथा कुकरा निवासी हसमत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जबकि तीसरा अभियुक्त पहाड़नगर निवासी टोमी उर्फ हरप्रीत किसी मामले में पहले से ही जेल में है। थानाध्यक्ष जितेंद्र बहादुर यादव ने बताया कि प्रताप ने स्वीकार किया कि फिरोज के पिता सलीम द्वारा गाली देने पर ही उसने आक्रोश में उसे सबक सिखाने की ठान ली थी।