ध्यान, प्रवचन और यज्ञ के कार्यक्रम हुए
लखीमपुर खीरी। अंतर्राष्ट्रीय सिद्धाश्रम साधक परिवार जोधपुर के सौजन्य से नगर के विलोबी मेमोरियल हाल के मैदान पर दो दिवसीय मां तारा साधना शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें गुरुदेव अरविंद श्रीमाली ने शक्तिपात दीक्षा के माध्यम से शिष्यों में जीवन चेतना जागृत की। इस मौके पर विभिन्न प्रकार के भक्तिमयी कार्यक्रम किए गए।
दो दिवसीय इस कार्यक्रम में डॉ. नारायण दत्त श्रीमाली के पुत्र अरविंद श्रीमाली ने शिष्यों में गुरुदीक्षा और शक्तिपात दीक्षा के माध्यम से जीवन चेतना का संचार किया। यहां प्रवचन में अरविंद श्रीमाली ने शिष्यों को बताया कि किस तरह हम जीवन में पूर्णता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होेंने कहा कि हम भौतिक जीवन में इतना उलझ गए हैं कि चाहकर भी भगवान का ध्यान नहीं कर पाते। उन्हाेंने शिष्यों को विशेष शक्तिपात की दीक्षा दी। इससे पूर्व हवन, यज्ञ आदि के कार्यक्रम किए गए और शिष्यों को मां तारा की साधना कराई गई। यहां भजन पूजन,ध्यान आदि के कार्यक्रमों के अलावा भंडारे का आयोजन किया गया। सैकड़ों लोगों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। शाम को शिष्यों ने अरविंद श्रीमाली का अभिनंदन और आरती का भव्य कार्यक्रम किया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने शामिल होकर अपने जीवन को आध्यात्मिक रंग से सराबोर किया।