जंतर-मंतर और जिला मुख्यालयों पर तीन को होगा धरना-प्रदर्शन
लखीमपुर खीरी। काले धन को लेकर तीन जून को जंतर-मंतर दिल्ली और जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। जिसमें कालेधन को राष्ट्र का धन घोषित करने की मांग की जाएगी। यह बात भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के प्रांतीय प्रवक्ता विनय द्विवेदी ने यहां शिक्षक भवन में पत्रकारों से कही।
विनय द्विवेदी ने कहा कि भारत स्वाभिमान ट्रस्ट काले धन और भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई लड़ रहा है। इसको लेकर तीन जून को जंतर मंतर दिल्ली में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए तमाम संगठनों ने भी समर्थन दिया है। उसी दिन जिला मुख्यालयों पर भी कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन करेंगे। इसकी तैयारियों के लिए राज्य और जिला स्तर पर आंदोलन समितियां बनाई गई हैं। यह एक दिवसीय धरना प्रदर्शन होगा तथा अगस्त में आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि काले धन को लेकर हम सुप्रीम कोर्ट में केस भी लड़ रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट पहले ही टिप्पणी कर चुका है कि सरकार काले धन को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत के लगभग 680 जिलों में यह प्रदर्शन किया जाएगा। विनय द्विवेदी ने कहा कि विदेशी कंपनियां का शिकंजा देश पर कसता जा रहा है। यहां तक कि विदेशी कंपनियां संसद के फैसलों में भी हस्तक्षेप करने लगी हैं। मंत्री उनके इशारे पर काम करते हैं। विदेशी कंपनियां हमारे देश को लूट रहीं हैं। भारत स्वाभिमान स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना चाहता है। इसके लिए प्रत्येक जिले में गांव-गांव तक स्वदेशी उत्पाद के केंद्र स्थापित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।
वार्ता में उनके साथ प्रांतीय पर्यवेक्षक कर्मवीर, भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के जिलाध्यक्ष रामगोपाल वर्मा, सौरभ सिंह सहित तमाम लोग उपस्थित थे।