क्राइम मीटिंग में एसपी के कड़े तेवर
सराहनीय कार्य के लिए होमागार्ड पुरस्कृत
लखीमपुर खीरी। अपराधों की समीक्षा करते हुए एसपी राजेंद्र सिंह ने कहा कि लंबित विवेचनाओं का निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाए। वांछितों और अभियुक्तों की गिरफ्तारी प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें। मीटिंग के दौरान एसपी ने गोवंशीय पशुओं की सुरक्षा में अहम योगदान करने वाले गोला कोतवाली के दो होमगार्डों विनोद और नितिन को पुरस्कृत किया।
कलेक्ट्रेट सभागार में एसपी राजेंद्र सिंह और एएसपी सौमित्र यादव के निर्देशन में क्राइम मीटिंग हुई, जिसमें अपराधों की रोकथाम पर जोर दिया गया। बैठक में एसपी ने सभी एसओ और कोतवाल को निर्देश दिए कि हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी की जाए। वहीं लूट और चोरी की घटनाओं के जल्द खुलासे के निर्देश भी दिए। इस दौरान खराब प्रगति वाले एसओ से नाराजगी भी जाहिर की गई। जबकि अच्छा कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों की प्रशंसा हुई। इसी क्रम में गोला कोतवाली में बीते नौ मई को ड्यूटी से लौट रहे होमगार्डों द्वारा गोवंशीय पशुओं से भरा ट्रक पकड़े जाने की सराहना करते हुए उन्हें एसपी ने एक-एक हजार रुपये पुरस्कारस्वरूप दिए। अपराध समीक्षा बैठक में सीओ सिटी डॉ.अखिलेश नारायण सिंह, सीओ मोहम्मदी आरएस गौतम, सीओ गोला, सीओ पलिया नितेश सिंह समेत जनपद के सभी सीओ, एसओ और कोतवाल मौजूद रहे।