पलियाकलां। मंडी समिति में एफसीआई के गोदाम में जगह न होने के कारण गेहूं का उतार खटाई में पड़ गया है और इसके चलते धर्मकांटों और मंडी समिति में गेहूं लदे ट्रकों की कतार लग गई है। प्रशासन के निर्देशंों के बावजूद आढ़तियों ने शेड खाली नहीं किए हैं।
मंडी परिषद में एफसीआई के गोदामोें में जगह न बचने के कारण क्रय केंद्रों से आए गेहूं का उतार नहीं हो पा रहा है। इससे धर्मकांटों और मंडी परिसर में ट्रकों की लंबी लाइन लग गई है। समस्या यह है कि प्रशासन के सख्त निर्देशों के बावजूद आढ़तियों ने शेड नहीं खाली किए हैं। शेड खाली न हुए तो ट्रकों की कतार अभी कई दिन और लगी रह सकती है। इससे आवश्यक वस्तु निगम की गेहूं खरीद भी बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। मंडी परिसर की सड़कों पर गेेहूं लदे ट्रक खड़े हैं जिससे किसानाें की ट्रालियां क्रय केंद्र तक नहीं पहुंच पा रही हैं और और पीडीएस के खाद्यान्न को रखवा पाना भी एक चुनौती बन गया है। प्रशासन के निर्देश पर आवश्यक वस्तु निगम शेड खाली कर चुका है। इससे मजबूरन खुले में खाद्यान्न लगवाना पड़ सकता है और इसके चलते उसके खराब होने की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं। इधर क्रय केेंद्र को खुले में लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे भी खरीदे गए गेहूं के खराब हो जाने की संभावनाएं हैं।