विद्यार्थी परिषद ने किया विचार गोष्ठी का आयोजन, जिले में कई कार्यक्रमों का आयोजन
लखीमपुर खीरी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ.राजेंद्र प्रसाद और युवा क्रांतिकारी खुदीराम बोस को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस मौके पर विभाग संयोजक सूर्यांश गुप्ता ने डॉ.राजेंद्र प्रसाद के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख नेता थे। जिला संयोजक रामजी पांडे ने अंग्रेज अत्याचारियों पर पहला बम फेंकने वाले खुदीराम बोस को याद किया। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु में ही खुदीराम बोस देश के लिए शहीद हो गए थे वे हमारे दिलों में आज तक जीवित हैं। इन शहीदों से देश पर मर मिटने की शिक्षा मिलती है। गोष्ठी के बाद कार्यकर्ता आर्य कन्या चौराहे पर जमा हुए जहां बाबू राजेंद्र प्रसाद और युवा क्रांतिकारी खुदीराम बोस को श्रद्धांजलि दी गई। यहां जिला संयोजक शिवम अवस्थी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चौराहे पर मोमबत्ती जलाई और डॉ.राजेंद्र प्रसाद तथा खुदीराम बोस के चित्र पर माल्यार्पण किया।
पलियाकलां। बलदेव वैदिक इंटर कॉलेज में डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर इंचार्ज प्रधानाचार्य हरद्वारी लाल पांडेय सहित सभी शिक्षकों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण किया। विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक जेपी त्रिवेदी, डोरीलाल भार्गव, प्रेमप्रकाश पांडेय, सीपी मौर्य, रामदीन एवं प्रधान लिपिक कौशल किशोर श्रीवास्तव आदि ने डॉ. प्रसाद के जीवन पर आधारित कई दृष्टांत सुनाकर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। कई विद्यार्थियाें ने इस मौके पर देश गीत, भाषण एवं कविताएं आदि भी पेश कीं। इस अवसर पर रोहित शंकर त्रिपाठी, सोहन लाल वर्मा, चंद्रशेखर सहित सभी शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।