19 नवंबर को विधानसभा का करेंगे घेराव
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष समिति के अध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने रोजगार सेवकों को नियमित करने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद वादा खिलाफी की है। अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार का उपेक्षापूर्ण रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, बल्कि 19 नवंबर को प्रदेश भर के रोजगार सेवक लखनऊ में चार बाग रविंद्रालय से विधानसभा तक पैदल मार्च करके घेराव करेंगे।
विलोबी मेमोरियल हाल परिसर में रोजगार सेवकों ने बैठक की, जिसमें ग्राम पंचायत टिकौला के रोजगार सेवक कमल किशोर की 12 नवंबर को सड़क दुर्र्घटना में हुई मौत पर शोक व्यक्त किया गया। इसके बाद रोजगार सेवकों के समक्ष आ रहीं समस्याओं पर चर्चा की गई। जिला सचिव अवधेश पांडे ने कहा कि प्रदेश सरकार की वादा खिलाफी से रोजगार सेवक आहत हुए हैं, जिसका खामियाजा अगले विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा। मांगे न माने जाने पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन लखनऊ के लक्ष्मण मैदान में करने का निर्णय लिया गया। बैठक में संरक्षक भगौती प्रसाद, समीर सलमानी, अजय वाजपेयी, मनीराम पाल, सुधाकर मिश्रा, पंकज वर्मा, शिवसागर, धर्मराज शाक्य आदि उपस्थित रहे।