बगैर लाइसेंस घर से किया जा रहा था कारोबार
चार हिरासत में, एसपी पहुंचे और लिया जायजा
पलियाकलां। पुलिस ने पटाखों का जखीरा पकड़ा है। अवैध कारोबार में शामिल चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। सूचना मिलते ही एसपी भी मौके पर पहुंचे और मुआयना किया।
नवागत प्रभारी निरीक्षक राजकुमार यादव ने संपूर्णानगर रोड पर एक बोलेरो को रोका तो उसमें भारी मात्रा में पटाखे भरे थे। वाहन में सवार दो लोग कोई भी प्रपत्र नहीं दिखा पाए। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह पटाखे शहर के पांडे बाबा मंदिर वाली गली के पास स्टेशन रोड स्थित एक घर के पास से लाए हैं। पुलिस ने उनको साथ लेकर घर पर छापा मारा तो बारूद और पटाखों का जखीरा मिला। यहां पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया। सूचना मिलने पर सीओ एमपी सिंह भी मौके पर पहुंच गए। बरामद माल और हिरासत में लिए लोगों को कोतवाली लाया गया। यहां एसपी अरविंद सेन भी आ गए और पड़ताल की। उन्होंने आरोपियों से भी पूछताछ की। यह माल बगैर लाइसेंस रखा गया था और घर से ही इसका कारोबार किया जा रहा था। इधर प्रभारी निरीक्षक राजकुमार यादव का कहना है कि 15 से 20 लाख का माल बरामद हुआ है। मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उनके मुताबिक बोलेरो से पटाखे ले जा रहे शुभम भसीन और विवेक शर्मा निवासीगण संपूर्णानगर के अलावा घर से हैप्पी गुप्ता और आलोक गुप्ता निवासी पलिया को हिरासत में लिया गया है।
--
रंगरेजान में भी पड़ा छापा
थाना पुलिस ने इस बरामदगी के बाद नगर के मोहल्ला रंगरेजान प्रथम के एक घर पर भी छापा मारा। हालांकि यहां पुलिस को आतिशबाजी नहीं मिली, इस कार्रवाई के दौरान मोहल्ले में अफरातफरी रही।
--
नेपाल से भी होता है कारोबार
तहसील क्षेत्र के इलाकों के अलावा आतिशबाजी को यहां से तस्करी कर नेपाल भी भेजा जाता है। सीमा से इसे आसानी से पार करा दिया जाता है।