शहर के प्राचीन संकटा देवी मंदिर परिसर की एक मिठाई की दुकान में आग लगी
क्रासर.....
मंदिर परिसर में मौजूद भक्तों में मची भगदड़, आधे घंटे तक मची रही अफरातफरी
समय से पहुंची फायर ब्रिगेड, अन्य दुकानों तक नहीं पहुंच पाई आग
लखीमपुर खीरी। शहर के प्राचीन संकटा देवी मंदिर परिसर में स्थित एक दुकान में मिठाई बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। इससे मंदिर परिसर में मौजूद भक्तों, आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। करीब आधे घंटे तक दुकान में आग लगी रही। सूचना पाकर पहुंची फायर ब्रिगेड ने किसी तरह आग पर काबू पाया। इस आग की घटना से एक लाख रुपये की क्षति बताई जा रही है।
संकटा देवी मंदिर के मुख्य गेट पर स्थित सोनू मिश्रा की दुकान में रविवार को अपराह्न 11.30 बजे चढ़ावे के लिए मिठाई बनाई जा रही थी। तभी चूल्हे में लगे गैस सिलेंडर का पाइप लीक होने लगा और आग लग गई। कुछ ही देर में आग पूरे दुकान में लग गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। वहीं लोग खुद आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। वहीं आग बढ़ती देख मंदिर परिसर में मौजूद भक्त, आसपास के दुकानदार और मकानों में रहने वाले लोगों में भगदड़ मच गई।
इसी बीच पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पा लिया। कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आग से दुकानदार का करीब एक लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
इंसेट-
धड़ल्ले से हो रहा घरेलू सिलेंडर का इस्तेमाल
आवासीय इलाकों में शहर के होटलों और मिठाई की दुकानों पर धड़ल्ले से घरेलू सिलेंडरों का इस्तेमाल हो रहा है। संकटा देवी मंदिर की जिस दुकान में रविवार को आग लगी, उसमें भी घरेलू सिलेंडर का ही इस्तेमाल किया जा रहा था। जबकि घरेलू सिलेंडरों के व्यवसायिक इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक है। मगर पूर्ति विभाग की लापरवाही के कारण दुकानों पर घरेलू सिलेंडर का प्रयोग धड़ल्ले से हो रहा है।