गोला गोकर्णनाथ। साइबर ठगों ने पेंशन कार्ड बनवाने के नाम पर एक व्यक्ति को फोन किया। उनके इन्कार करने पर व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर मोबाइल की कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय कर दी। इसके बाद उनके खाते से 9.85 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत की है।
गोला निवासी अशोक आनंद पुत्र स्व. सेठ चुन्नीलाल आनंद ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह कुछ साल पहले गुरुग्राम, हरियाणा में रहते थे। वहां सेक्टर 54 स्थित रप्रिंग प्लाजा में उनका बचत खाता है। 26 अक्तूबर को उनके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने पेंशन कार्ड के बारे में पूछा तो उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद उनके व्हाट्सएप पर एक संदेश आया। इसे देखने के बाद उनके मोबाइल नंबर पर कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय हो गई। कुछ देर बाद उन्हें इसकी सूचना भी मिली।
27 अक्तूबर को सुबह 11:50 बजे उनके मोबाइल पर खाते से दो लाख रुपये निकलने का संदेश आया। वह इसे देख ही रहे थे कि कुछ ही देर में 7.85 लाख रुपये और निकाल लिए गए। इस तरह खाते से कुल 9.85 लाख रुपये निकल गए।
पीड़ित ने नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही साइबर क्राइम थाने में ऑनलाइन प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ महक शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।