डीएम ने पीएम फसल बीमा योजना के जागरूकता रथ को किया रवाना
किसानों को मिला पीएम फसल बीमा योजना के तहत खरीफ सीजन-2021 में हुए नुकसान का मुआवजा
लखीमपुर खीरी। पीएम फसल बीमा योजना के तहत खरीफ सीजन-2021 में फसलों को हुए नुकसान के एवज में 942 किसानों को 44.31 लाख की क्षतिपूर्ति दी गई है। पुनर्गठित मौसम आधारित फसल-2020 में केले की फसल में कुल 54 किसानों को 72 लाख, 99 हजार 410 रुपये की क्षतिपूर्ति दी गई है।
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने पीएम फसल बीमा योजना के तहत खरीफ सीजन-2022 के लिए फसल बीमा सप्ताह का शुभारंभ किया, जो एक से सात जुलाई तक चलेगा। डीएम ने कहा कि फसल बीमा योजना किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने किसानों का आह्वान किया कि किसान अपनी फसल का नियत तिथि 31 जुलाई तक बीमा करा लें।
इन किसानों को मिली अधिकतम क्षतिपूर्ति
डीएम ने पीएम फसल बीमा योजना के तहत अधिकतम क्षतिपूर्ति प्राप्त करने वाले पांच किसानों (भदूरी गांव के किसान संजय कुमार को 53389, ककरहा के बनवारी लाल को 39752, परसा के श्यामू को 26219, दरिगापुर की बाबुलाली को 38117, पोखनापुर के जागरूप सिंह को 20769) की क्षतिपूर्ति धनराशि के स्वीकृत पत्र बांटे।
इसके अलावा डीएम ने पीएम फसल बीमा योजना खरीफ-2021 में डीसीबी नकहा से संदीप कुमार नायक, सीएससी निघासन के अतुल मौर्य, यूनिवर्सल सोम्पो जनरल इंश्योरेंस कंपनी के तहसील समन्वयक धर्मेंद्र गिरि को अधिकतम किसानों को आच्छादित करने के लिए सम्मानित किया।