लखीमपुर खीरी। प्राथमिक विद्यालय सुआगाड़ा द्वितीय में स्मार्ट क्लास संचालित करने पर प्रधानाध्यापक पूर्णिमा मिश्रा को लखनऊ में आईसीटी अवार्ड से सम्मानित किया गया है। निदेशालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा परिषद की सचिव रूबी सिंह की मौजूदगी में शिक्षा निदेशक डॉ. सर्वेंद्र विक्रम बहादुर सिंह के हाथों पूर्णिमा मिश्रा को सम्मान पत्र प्रदान किया गया।
शहर से सटे गांव सुआगाड़ा में प्राथमिक विद्यालय द्वितीय की प्रधानाध्यापक डॉ. पूर्णिमा मिश्रा को अपने विद्यालय में कंप्यूटर और प्रोजेक्टर से बच्चों को पढ़ाने रचानात्मक कार्य करने और स्मार्ट क्लास संचालन करने पर चयनित किया गया है। यह चयन प्रदेश के 76 स्कूलों में किया गया है। सम्मान पाने का यह गौरव जिले में सिर्फ सुआगाड़ा प्राथमिक विद्यालय को हासिल हुआ। पूर्णिमा मिश्रा ने जनसहयोग और व्यक्तिगत प्रयास से स्कूल को एक स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित किया है। विद्यालय में 235 बच्चे शिक्षा हासिल कर रहे हैं। पुरस्कार पाने के बाद प्रधानाध्यापक पूर्णिमा मिश्रा ने कहा कि यह सफलता विभागीय अधिकारियों और सहयोगी शिक्षकों के परिश्रम से मिली है। वह अपने स्कूल और बच्चों के लिए हमेशा कुछ न कुछ करती रहेंगी।