चालकों और परिचालकों के लिए शुरू हुई प्रोत्साहन योजना
परिवहन निगम छह दिन की ड्यूटी के लिए देगा 1200 रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। परिवहन निगम ने रक्षाबंधन पर लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा देने के लिए तैयारियां पूरी कर ली है। सभी एआरएम को 24 से 29 अगस्त तक बसों का नियमित संचालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं चालक परिचालक अवकाश लेकर निगम की उम्मीदों पर पानी न फेर दें, इसलिए निगम ने चालक और परिचालकों के लिए प्रोत्साहन राशि योजना शुरू की है। जो 24 से 29 अगस्त तक प्रभावी रहेगी। इन दिनों नियमित ड्यूटी करके 1800 किलोमीटर की दूरी अर्जित करने पर सभी चालक, परिचालकों को 1200 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
एआरएम एसपी सिंह ने बताया कि प्रोत्साहन योजना के दौरान कुछ विषम परिस्थितियों को छोड़कर चालक परिचालकों को अवकाश नहीं मिलेगा। वहीं छह दिन तक नियमित ड्यूटी करते हुए निर्धारित 1800 किलोमीटर अर्जित करने पर 1200 रुपये और इससे अधिक किलोमीटर अर्जित करने पर चालक, परिचालकों को 55 पैसे प्रति किलोमीटर का अतिरिक्त भुगतान मिलेगा।
वाहनों को खड़ा करने पर लगेगा जुर्माना
एआरएम ने बताया कि प्रोत्साहन योजना के दौरान कोई भी अनुबंधित बस खड़ी नहीं होगी। इसके लिए मालिकों को बसों में यदि कोई कमी है तो उसे बृहस्पतिवार तक दुरुस्त कराकर 29 अगस्त तक शत प्रतिशत संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
रोडवेज रक्षाबंधन पर बहनों से नहीं लेगा किराया
पिछले वर्ष की भांति इस बार भी महिलाओं को रोडवेज बसों में किराया नहीं देना होगा। रोडवेज ने पिछले वर्ष की भांति इस बार भी रक्षाबंधन के दिन महिलाओं को फ्री यात्रा की सौगात देते हुए अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं।