भीषण गर्मी में बिजली के नखरे बढ़े
क्रासर.....
रात में कई बार गायब होती है बिजली
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। भीषण गर्मी में बिजली के बार बार आने जाने से लोग काफी परेशान हैं। पिछले चार दिनों से भीषण गर्मी में बिजली की किल्लत से लोग बेहाल हैं। कहने को तो शहर में 24 घंटे बिजली दी जा रही है लेकिन यहां औसतन 14-15 घंटे ही बिजली मिल पा रही है।
गढ़ी रोड स्थित विद्युत उपकेंद्र से संबद्ध शहर के मोहल्ला भुइफोरवानाथ, शिवपुरी, गढ़ी रोड, गोकुलपुरी, अयोध्या पुरी, हाथीपुर, अर्जुनपुरवा आदि मोहल्लों में रात करीब साढ़े दस बजे बिजली गायब हो गई। विद्युत आपूर्ति रात करीब 12.30 बजे बहाल हो सकी। इसके कुछ देर बाद ही बिजली फिर गायब हो गई जो रात ढाई बजे लौटी। लोगों ने रात भर इधर-उधर चहलकदमी कर रात गुजारी। लोग सो नहीं सके।
बृहस्पतिवार को भी दिन में कई बार बिजली आई गई। एक दो बार तो करीब घंटे-घंटे भर बिजली गायब रहने से लोग भीषण गर्मी से बिलबिलाते रहे। कई बार लोगों ने विद्युत उपकेंद्र पर फोन कर बिजली गायब रहने की बाबत जानकारी चाही लेकिन कोई फोन नहीं उठा।
उधर एसडीओ अनुराग शर्मा ने बताया कि भीषण गर्मी के चलते ट्रांसफार्मरों और विद्युत उपकेंद्रों पर लोड बढ़ रहा है। इससे ट्रासंफार्मर फुंक रहे हैं। विद्युत उपकेंद्र पर भी लोड बढने से फाल्ट आ रहे हैं। ऐसे समय में उपभोक्ताओं को धैर्य बनाए रखने की जरूरत है।