11 एलकेएच 01, 02, 03
फोटो-11एलकेएच 202 और 203
सांसद ने गिनाईं सरकार की
एक साल की उपलब्धियां
तीन दिनी लोक कल्याण मेला और प्रदर्शनी शुरू
- जुटी नहीं भीड़, सरकारी कर्मचारियों से भरी गईं कुर्सियां
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी।
प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए तीन दिवसीय लोक कल्याण मेला बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर में शुरू हुआ। मेले का शुभारंभ करते हुए सांसद अजय मिश्र टेनी ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि सदर विधायक योगेश वर्मा रहे।
सांसद अजय मिश्र टेनी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जनता के कल्याण के लिए बहुत सी योजनाएं शुरू की हैं। उन्हें योजनाबद्ध तरीके से क्रियान्वित कराकर लोगों को उसका लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, ग्रामीण स्वच्छता मिशन के तहत शौचालयों का निर्माण, उज्जवला योजना, मिशन इन्द्रधनुष योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
भाजपा जिलाध्यक्ष शरद बाजपेयी ने कहा कि सरकार सबका साथ सबका विकास के लिए पूर्ण मनोयोग से कार्य कर रही है। कार्यक्रम में डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, सीडीओ अमित सिंह बंसल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिमलेंद्र दुबे ने किया। कार्यक्रम के बाद सांसद, विधायक ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष शरद बाजपेयी ने की। कार्यक्रम में भाजपा के जिला महामंत्री कुलभूषण, संजय मिश्र, अंबरीश कुमार, विनीत मनार, एसपी डॉ. एस चन्नप्पा, सीडीओ अमित सिंह बंसंल आदि मौजूद रहे।
गोला गोकर्णनाथ। लखीमपुर रोड स्थित पब्लिक इंटर कॉलेज के मैदान में शुरू हुए दो दिवसीय लोक कल्याण मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक अरविंद गिरि और विशिष्ट अतिथि मीनाक्षी अग्रवाल ने किया। मेले में तहसीलदार आशुतोष गुप्ता ने सरकार के एक साल की कार्य अविधि की योजनाएं बताईं। कृषक ऋण मोचन योजना के तहत किसान का एक लाख तक का ऋण माफ किया गया है। संचालन मनोज कश्यप ने किया। इस मौके पर नायब तहसीलदार विकासधर दुबे, कोतवाल संजय कुमार त्यागी, बीडीओ कुंभी बालकराम, बीडीओ बांकेगंज गोकुल प्रसाद गौतम आदि मौजूद रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिये बताईं योजनाएं
लोक कल्याण मेले के धरोहर सांस्कृतिक दल के प्रमुख उमेश तिवारी ने अपने साथी कलाकारों के साथ सरकारी योजनाओं पर आधारित नाटकों का मंचन किया। परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सूचना विभाग की एलईडी वैन से भी भी सरकार की उपलब्धियां बताई गईं।
मेले में रही जनसहभागिता की कमी
लोक कल्याण मेले में जनसहभागिता की कमी रही। भीड़ न जुटने के कारण कार्यक्रम स्थल पर पड़ी कुर्सियां सरकारी कर्मचारियों, आशाओं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के अलावा अपनी फरियाद लेकर आए लोगों से भरी गईं। कार्यक्रम स्थल पर कड़ी धूप होने से लोग बिलबिला उठे। कुछ लोगों ने सिर पर रुमाल रखकर धूप से बचाव की कोशिश की।
मेले में सांसद, विधायक ने
दी लाभार्थियों को सौगातें
जिलास्तरीय लोक कल्याण मेला में मुख्य अतिथि सांसद अजय मिश्र टेनी, विशिष्ट अतिथि विधायक योगेश वर्मा ने तहसील सदर के 20 लाभार्थियों को पट्टों के स्वीकृति पत्र, 10 आशा संगिनियों को साइकिलें, पांच गर्भवती महिलाओं को पोषण किट, 10 कृषकों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण किए।
फोटो संख्या 11एलकेएच 403, 404, 405, 406
पलियाकलां में कृषि विभाग
ने रखी पुरानी पंफलेट
पलियाकलां।
तहसील परिसर में सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से लोक कल्याण मेले का शुभारंभ किया गया। विधायक रोमी साहनी ने स्थानीय अधिकारियों के साथ दीप जलाकर मेले का शुभारंभ किया। मेले में 18 विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। अचानक तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश के चलते मेले में अव्यवस्थाएं भी हावी रहीं। मेले में विगत माह में ब्लॉक में लगाए गए मेले में बसपा शासनकाल की पंफलेट रखने के मामले ने काफी तूल पकड़ा था। इस बार भी तहसील में लगाए गए लोक कल्याण मेले में कृषि विभाग की तरफ से 2016-17 की पंफलेट रखी गईं। पुरानी योजनाओं के बारे में स्टॉल पर पहुंचने वाले लोगों को जानकारी दी गई। मेले में एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी, तहसीलदार भगवानदीन वर्मा, सांसद प्रतिनिधि दीपक तलवार ने विस्तार से जानकारियां दीं।
फोटो संख्या 11एलकेएच408
लोक कल्याण मेले में
फूटकर रोए सिख दंपति
पलियाकलां।
तहसील में लगाए गए लोक कल्याण मेले में ऐंठपुर का एक सिख दंपति जमीन मामले को लेकर फूट-फूटकर रो पड़ा। विधायक रोमी साहनी स्थानीय अधिकारियों के साथ स्टॉलों का निरीक्षण कर रहे थे। मीडिया के पहुंचने के बाद विधायक ने भी उनकी समस्या सुनीं। ऐंठपुर निवासी सुखविंदर कौर व उनके पति कुलदीप सिंह ने आरोप लगाया कि तहसील से गई टीम ने सिहद्दा मौजूद होने के बाद भी रास्ते को केन्द्र बिंदु मानकर नक्शे के विपरीत पैमाइश कर असत्य सीमांकन आख्या न्यायालय में प्रेषित कर दी। आरोप है कि एसडीएम भी उनके इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इस बाबत एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी ने बताया कि सारे आरोप गलत हैं, सिख दंपति की ही गलती आ रही है तथा राजस्व टीम ने अपनी जांच सही की है, उनको किसी तरह से धमकाया नहीं गया है। विधायक ने पूरे मामले को समझने के बाद न्याय दिलाने का आश्वासन पीड़ित को दिया है।