फोटो- 29एलकेएच501
बा स्कूल में लगा नामांकन शिविर
ड्रॉप आउट बेटियों में उत्साह
अमर उजाला ब्यूरो
बांकेगंज।
ब्लॉक के बोझिया बा स्कूल में दाखिले के लिए तीन दिवसीय नामांकन शिविर लगाया गया। इसमें दाखिले के लिए आईं ड्रॉप आउट बेटियों में खासा उत्साह दिखा। शिविर के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को बालिकाओं ने अभिभावकों संग पहुंचकर अपना पंजीकरण कराया।
यह नामांकन शिविर बुधवार से स्कूल प्रांगण में शुरू हुआ। कक्षा छह में 54 ड्रॉप आउट बालिकाओं का दाखिला होना है। इसमें पहले दिन 10 और दूसरे दिन 35 लड़कियों नामांकन कराया। यह बेटियां पढ़ाई-लिखाई में रूचि होने के बावजूद किन्हीं कारणों से स्कूल नहीं जा पाईं थी। अब नामांकन कराने के बाद इनमें भी पढ़ने लिखने की उम्मीद जगी है। इनके अभिभावक भी काफी उत्साहित और खुश दिखाई दिए। स्कूल में नामांकन कराने आईं बेटियों और उनके अभिभावकों को वार्डन निशी पांडे और शिक्षिकाओं ने उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि बा स्कूल में बेटियों को शिक्षित करने के साथ-साथ उन्हें सिलाई, कढ़ाई, बुनाई के अलावा खेलकूद, जूडो-कराटे, क्राफ्ट आदि का प्रशिक्षण देकर स्वावलंबी बनाने का प्रयास किया जाता है। नृत्य और संगीत भी उन्हें सिखाया जाता है, ताकि वे जीवन के हर क्षेत्र में सफल हो सके। वार्डेन ने बताया कि स्कूल परिसर में तीन दिवसीय नामांकन शिविर का समापन आज होगा।