अलीगढ़ में हुई राज्य निशानेबाजी प्रतियोगिता में जिले के वरिष्ठ निशानेबाज और राज्य रायफल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष जीएस सिंह और राजवीर सिंह, शोएब अहमद, प्रीतेंदर सिंह, अबरार अहमद, मुजफ्फर अली, महीप चंदेल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सिल्वर और गोल्ड मेडल हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। साथ ही पटियाला में 21 सितंबर से होने वाली शॉट गन की आल इंडिया जीवी मावलंकर प्रतियोगिता में खेलने के लिए क्वालीफाई भी किया।
जनपद अलीगढ़ की चंदौला कासिमपुर रेंज पर हुई निशानेबाजी प्रतियोगिता से जिले की टीम रविवार को लौटी। वरिष्ठ निशाने बाज जीएस सिंह ने बताया कि 12 बोर ट्रैप शूटिंग (सीनियर्स मेन) में जीएस सिंह, राजवीर सिंह और शोयेब अहमद की टीम को तृतीय स्थान मिलने पर ब्रांज मेडल प्रदान किया गया। 12 बोर स्कीट शूटिंग अंतरराष्ट्रीय नियमों पर (सीनियर्स मेन) में जीएस सिंह, प्रीतेन्दर सिंह और अबरार अहमद की टीम ने दूसरा स्थान हासिल कर सिल्वर मेडल पाया। 12 बोर स्कीट शूटिंग मेन भारतीय नियमों पर मुजफ्फर अली, महीप चंदेल और शोएब अहमद की टीम ने गोल्ड मेडल पाया। 12 बोर डबल ट्रैप शूटिंग (सीनियर्स मेन) में जीएस सिंह, राजवीर सिंह और महीप चंदेल की टीम को सिल्वर मेडल मिला। साथ ही जूनियर प्रतिभागियों में अक्षत चंदेल, अरसलान अहमद, मनीष सिंह, सौम्य चंदेल, आदित्य चंदेल और दानिश ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
नेशनल शूटर हैं जीएस सिंह
इंजीनियर जीएस सिंह नेशनल शूटर हैं। वह वर्तमान में उप्र राज्य रायफल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष और जनपद के रायफल एसोसिएशन के संयुक्त सचिव हैं। वह कानपुर में 1994, 2001 और 2002 में हुई राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में ब्रांज मेडल और सिल्वर मेडल हासिल कर चुके हैं। साथ ही प्रदेश की अनेक प्रतियोगिताओं में अब तक अनेक मेडल हासिल कर चुके हैं।