पलियाकलां/मझगईं (लखीमपुर खीरी)। गांव त्रिलोकपुर के मजरा लोकनपुरवा में नाली और खड़ंजा बरसात के पानी में डूब जाता था। कई बार इसकी शिकायत ग्राम प्रधान से करने के बाद भी मिट्टी व खड़ंजा न डलवाने से नाराज ग्रामीणों ने खुद ही कारसेवा कर रोड की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। जबकि आरोप है कि इसके बाद भी ग्राम प्रधान ने आकर निर्माण कार्य देखना उचित समझा।
बता दें कि त्रिलोकपुर के मजरा गांव लोकनपुरवा में कच्चा खड़ंजा होने के कारण अक्सर बरसात में एक से दो फिट पानी भर जाता है। जिससे आने-जाने वाले ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार ग्रामीणों ने खड़ंजा का निर्माण कराए जाने को ग्राम प्रधान से कहा लेकिन आरोप है कि प्रधान ने उनकी इस समस्या की तरफ ध्यान नहीं दिया। जिससे बीते दिन हुई बरसात में रोड पर पानी भर गया। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने खुद ही रोड बनाने का जिम्मा लिया। ग्रामीणों ने कारसेवा करते हुए पहले खड़ंजा उखाड़ा, इसके बाद उन्होंने मिट्टी डालकर कार्य शुरू कर दिया है। गांव के धनपाल राना, प्रदीप राना, रवि राना, अखिलेश, अमरीश, सोनू आदि ने बताया कि कई बार शिकायतें करने के बाद भी जब कुछ नहीं हुआ तो ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया जिसके बाद उन्होंने खुद ही कारसेवा करते हुए रोड का निर्माण कार्य किया है।