बंद होंगे बगैर रजिस्ट्रेशन वाले अस्पताल
10 अगस्त को नोटिस का जवाब देंगे अस्पताल संचालक
निघासन। एडिशनल सीएमओ के छापामारी के बाद भी निघासन और ढखेरवा का एक भी अस्पताल बंद नहीं हुआ है। कई प्राइवेट अस्पतालों में दूसरे दिन भी प्रसव कराया गया। उधर नोटिस का जवाब 10 अगस्त को अस्पताल संचालक स्वास्थ्य विभाग को देने के लिए सीएमओ कार्यालय जाएंगे। एडिशनल सीएमओ ने बताया कि अस्पताल बंद कराने के लिए एसडीएम और पुलिस की सहायता ली जाएगी। उनकी मदद से ही सभी बिना रजिस्ट्रेशन वाले अस्पताल बंद कराए जाएंगे।
एडिशनल सीएमओ अश्वनी कुमार ने बताया कि निघासन में बड़े पैमाने पर अस्पताल और पैथोलाजी लैब चल रहे हैं। सोमवार को निघासन में मंजुला हास्पिटल, अप्पू क्लीनिक समेत चार और ढखेरवा में राय हास्पिटल, बंटू वाली गली में एक अस्पताल और एक पैथोलाजी, शान्या क्लीनिक समेत कई अस्पतालों में छापामारी की थी। इस दौरान करीब चार अस्पताल संचालक अस्पताल संचालक अस्पताल बंद करके भाग गए थे। उन्होंने कहा कि निघासन के झंडी, पलिया, ढखेरवा रोड के अलावा बिनौरा, तारानगर, मूडा, सिंगाही, बेलरायां, तिकुनियां आदि स्थानों पर भी छापामारी करने के लिए टीम बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल संचालक छापामारी के दौरान एक भी लीगल कागज दिखाने में सक्षम नहीं हुए। उन्होंने कहा कि कागजी खानापूर्ति के लिए सिर्फ नोटिस दी गई है। जब मौके पर कागज नहीं थे तो बाद में वह कागज कहां से दिखाएंगे। 10 अगस्त के बाद जो अस्पताल संचालक कागज नहीं दिखाएंगे उसके लिए एसडीएम और पुलिस की मदद से अस्पतालों को सील करके उनको बंद किया जाएगा।