मितौली। थाना क्षेत्र में रतहरी गांव में ब्रह्मबाबा स्थान के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सड़क पार कर रही मां-बेटी को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गई और लोगों ने चालक को पकड़ लिया। सीओ प्रदीप सिंह ने चालक को हिरासत में ले लिया है। पति के मुताबिक उसकी पत्नी आठ माह के गर्भ से थी।
लखीमपुर-मैगलगंज मार्ग पर स्थित रतहरी गांव निवासी त्रिमोहन कश्यप की पत्नी गुड्डी (35 साल) पुत्री कौशिकी (4 साल) के साथ गुरुवार की सुबह शौच के लिए खेत में गई थीं। जहां से करीब चार बजे दोनों घर लौट रही थीं। रास्ते में जैसे ही मां-बेटी सड़क पार करने लगीं तभी मितौली से फत्तेपुर की ओर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दोनों को रौंद दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। शोर सुनकर गांव के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। वहां मौजूद लोगों ने मैगलगंज थाना क्षेत्र के गांव ओदरहा निवासी चालक प्रदीप यादव को पकड़ लिया, जो रतहरी के पास स्थित बेल पर गन्ना बेचकर घर लौट रहा था। इसी दौरान पुलिस भी पहुंच गई और चालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। सीओ प्रदीप सिंह ने पीड़ित परिवार को ढांढस बधाया।
चालक को हिरासत में लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया गया है। मृतका के पति की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- ओपी रजक, एसओ