चंदनचौकी में लगे दशहरा मेला को देखकर बाइक से लौट रहे ग्रामीणों की बाइक में एक ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बाइक सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों के अनुसार बिना हेलमेट ट्रिपल राइडिंग के चलते दुर्घटना हुई है। उधर मृतक के परिवारवालों में कोहराम मचा हुआ है।
शुक्रवार की शाम सूड़ा गांव निवासी बालगोविंद राना गांव में ही रहने वाले दो साथियों के साथ बाइक से चंदनचौकी में लगे मेले में गया था। जहां से सभी रात में लौट रहे थे। बाइक बालगोविंद चला रहा था, उसने हेलमेट नहीं पहन रखा था। रास्ते में चंदनचौकी और सूड़ा के बीच ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे तीनों घायल हो गए। बालगोविंद को सिर में गहरी चोट पहुंची। सूचना पर पहुंचे परिवारवालों और ग्रामीणों ने गंभीर घायल को पलिया के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। रास्ते में युवक की मौत हो गई। वहीं दोनों अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। मृतक की मौत से उसके परिवारवालों में कोहराम मचा हुआ है।