लखीमपुर खीरी। बेहजम ब्लाक की ग्राम पंचायत अछनिया में हुए 4,22,459 रुपये के गबन के मामले में वसूली करने के लिए डीएम ने आदेश दिए थे, जिसके क्रम में शुक्रवार को डीडीओ अरविंद कुमार ने अछनिया के तत्कालीन सचिव (ग्राम विकास अधिकारी) इबरार हुसैन अंसारी के वेतन से कटौती करने का आदेश पारित कर दिया है। सचिव के वेतन से कुल 2,11,229 रुपये की वसूली की जानी है, जिसके लिए मार्च के वेतन से 8830 रुपये और फिर अप्रैल से 8800 रुपये की 23 समान किस्तों में कटौती की जाएगी।
अछनिया निवासी जमाल खां की जनहित याचिका पर गांव में हुए विकास कार्यों की जांच कमेटी से कराई गई थी, जिसमें भ्रष्टाचार के आरोपों की पुष्टि हुई थी। अछनिया में बघइया तालाब की खुदाई और सुधार कार्य के नाम पर 1,64,243 रुपये गबन किए गए। इसी तरह पेना तालाब की खुदाई और सुधार कार्य में 75351 रुपये का गबन पाया गया। जबकि मजरा चांदापुर में सूबेदार के मकान से रामचंद्र के मकान तक खड़ंजा और नाली निर्माण के नाम पर 1,82,865 रुपये खाते से निकालकर हड़प लिए गए। कुल 4,22,459 रुपये का गबन पाया गया, जिसमें तत्कालीन प्रधान अयूब खां और सचिव इबरार हुसैन अंसारी को समान रूप से दोषी पाया गया। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने प्रधान और सचिव से समान रूप से आधी-आधी धनराशि की वसूली करने के आदेश दिए थे। प्रधान से 2,11,229 रुपये की वसूली के तहसील मितौली के प्रभारी अधिकारी (संग्रह) को आदेश दिए गए हैं, जबकि सचिव से 2,11,229 रुपये की वसूली जिला विकास अधिकारी करेंगे।
डीएम के निर्देश प्राप्त होते ही तत्काल कार्रवाई की गई है। अछनिया के तत्कालीन सचिव इबरार हुसैन अंसारी के वेतन से 23 समान किस्तों में 2,11,229 रुपये की वसूली करने का आदेश पारित कर दिया है।
- अरविंद कुमार, जिला विकास अधिकारी