महेवागंज/सुंदरवल। थाना भीरा क्षेत्र के चौखड़ा गांव में आवारा सांड़ ने एक बुजुर्ग पर हमला कर उसे गंभीर घायल कर दिया। उपचार के दौरान मंगलवार रात उनकी मौत हो गई। मौत से परिवार में कोहराम मचा है। भीरा के चौखड़ा गांव निवासी नबी अहमद (65) दो जनवरी की रात घर के बाहर लघुशंका करने निकले थे। इस बीच गांव में घूम रहे आवारा पशु ने बुजुर्ग नबी अहमद पर हमला बोल दिया। चीखपुकार की आवाज सुनकर घर के लोग मौके पर पहुंचे। बुजुर्ग पर सांड़ को हमला करते देख उसे बचाने की कोशिश की तो सांड़ ने उन्हें भी दौड़ा लिया। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर बमुश्किल लाठी डंडे लेकर सांड़ को खदेड़ा। घर वालों ने घायल बुजुर्ग को लखीमपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान मंगलवार रात उनकी मौत हो गई। मृतक के छोटे बेटे इसरार ने बताया कि गांव में घूम रहे छुट्टा पशुओं से पूरा गांव परेशान है। आए दिन किसी न किसी को पशु दौड़ा लेते है। बच्चे घरो में दुबक कर रहते हैं।