शरारती तत्वों ने भीमराव आंबेडकर मूर्ति की अंगुली तोड़ी
फरधान। कैमहरा कस्बे में बुधवार को अराजक तत्वों ने डॉ.भीमराव आंबेडकर की मूर्ति की अंगुली तोड़कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। इससे लोगों आक्रोशित हो उठे। नाराज लोग मौके पर एकत्र हो गए और कार्रवाई की मांग करने लगे। तहसीलदार सदर और प्रभारी निरीक्षक ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। लखीमपुर-मोहम्मदी रोड के किनारे कैमहरा गांव में भीमराव आंबेडकर की मूर्ति स्थापित है। बुधवार को कुछ शरारती तत्वों ने मूर्ति की दाएं हाथ की एक अंगुली तोड़ दी। जानकारी मिलने पर लोग मौके पर एकत्रित हो गए। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पर तहसीलदार जगदीश यादव और प्रभारी निरीक्षक एसएन सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अफसरों ने शरारती तत्वों को पहचान कर उनके खिलाफ उचित कार्रवाई का लोगों को भरोसा दिलाया। तब जाकर लोग शांत हुए। मामले में गांव के चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।