फोटो-08एलकेएच202
आर्ट से देश-प्रदेश में चमकाया जिले का नाम
ब्रजेश कनौजिया को मिलेगा अखिल भारतीय शौर्य पुरस्कार
12 अगस्त को दिल्ली में होगा सम्मान
गोला गोकर्णनाथ। प्रतिभाएं साधन सम्पन्न स्थानों पर ही नहीं विकसित होती हैं बल्कि लगन और मेहनत से छोटे गांव के युवा भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन जिला, प्रदेश और देश स्तर पर कर रहे हैं। इसी कड़ी में छोटे से गांव रन्नूपुर के ब्रजेश कनौजिया को दिल्ली की मशहूर गांधी आर्ट गैलरी में अपनी कलाकृति ऐन ओल्ड मैन पर आधारित अखिल भारतीय शौर्य अवार्ड के लिए चयनित किया गया है। यह पुरस्कार उसे 71वें स्वतंत्रता दिवस के तीन दिन पहले 12 अगस्त को दिल्ली में दिया जाएगा।
रन्नूपुर गांव निवासी उत्तम कुमार और रेशमा देवी के पुत्र ब्रजेश कनौजिया ने गांव दरी से 2012 में हाईस्कूल और राजा लोनेसिंह इंटर कॉलेज मितौली से 2014 में इंटर करने के बाद गोला के सीजीएनपीजी कॉलेज से 2017 में ग्रेजुएशन कर लखनऊ विश्व विद्यालय में फाइन आर्ट्स में प्रवेश लिया। वर्तमान में वह लखनऊ विश्वविद्यालय में कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड क्राफ्ट्स से बीएफए कर रहे हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय में आर्ट्स के विभिन्न तरीके सीखने के साथ वह पूरे देश को कलर कैनवास के जरिए उतारना चाहते हैं। जिससे ऐतिहासिक स्थलों और विभिन्न लोक कलाओं को बढ़ावा मिलेगा।
ब्रजेश को राष्ट्रीय स्तर पर हरियाना रेवाड़ी में हुई आर्ट्स प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल और अंतराष्ट्रीय स्तर पर चार्खी दादरी में गोल्ड मेडल मिल चुका है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भारत, दक्षिण कोरिया, ब्राजील और पाकिस्तान के कलाकार शामिल हुए थे।