स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण के लक्ष्य के सापेक्ष धीमी प्रगति से प्रदेश की रैंकिंग में कई पायदान नीचे खिसककर जिला डेंजर जोन में पहुंच गया है, जिससे अफसरों की नींद उड़ गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री की प्राथमिकता में लापरवाही बर्दाश्त न किए जाने की दो टूक शब्दों में हिदायत दे दी है, जिसके बाद डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और सीडीओ अमित सिंह बंसल समेत जिलास्तरीय अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को छुट्टी के बावजूद स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों की बैठक बुलाई। इसमें सीडीओ ने एक सप्ताह के अंदर प्रधानमंत्री आवास योजना के 15 हजार लाभार्थियों का शौचालय निर्माण कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रतिदिन प्रत्येक राजस्व ग्राम में चार शौचालय का निर्माण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
कलक्ट्रेट सभागार में सबसे पहले शौचालय निर्माण के लक्ष्य एक लाख शौचालय के सापेक्ष हुई प्रगति पर चर्चा की गई, जिसमें डीपीआरओ चंद्रिका प्रसाद ने बताया कि 59 हजार शौचालयों का निर्माण कराया जा चुका है। 31 मार्च 2018 तक 65 हजार शौचालय बना लिए जाएंगे। सीडीओ अमित सिंह बंसल ने प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रधानों के खातों में शौचालय का करीब 18 करोड़ रुपये जमा है, लेकिन बजट न होने की बात कही जा रही है। जो बेहद गंभीर मामला है, जिसके लिए सीडीओ ने सभी प्रधानों के खातों में जमा पैसे की प्रतिदिन रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए और साथ ही पूरा पैसा जल्द खर्च कर शौचालय निर्माण तेज गति से कराने के लिए कहा है। प्रतिदिन प्रत्येक राजस्व ग्राम में चार-चार नए शौचालय निर्माण का कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा नागरिकों द्वारा अपने संसाधनों से बनाए गए 90 हजार शौचालयों की जीओ टैगिंग और एमआईएस फीडिंग एक सप्ताह में कराने के निर्देश दिए गए।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि प्लानिंग की कमी दिख रही है, जिससे लक्ष्य के मुताबिक कार्य नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को कतई बख्शा नहीं जाएगा, बल्कि ऐसे लोगों पर शर्तिया कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पीडी रामकृपाल चौधरी, डीडीओ अनिल कुमार सिंह, जिला समन्वयक (एसबीएम) नंदकिशोर दीक्षित समेत सभी एडीओ पंचायत, ब्लाक कोआर्डिनेटर, खंड प्रेरक आदि शामिल रहे।
चार अप्रैल को ब्लॉकों पर होगी चर्चा
शौचालय निर्माण में युद्ध स्तर पर तेजी लाने के लिए सभी ब्लॉकों में बीडीओ के नेतृत्व में चार अप्रैल 2018 को बैठक की जाएंगी, जिसमें ग्राम प्रधानों, सचिव, खंड प्रेरक के साथ मिलकर चर्चा की जाएगी।
कर्मचारियोें ने रखी समस्याएं
बैठक में समीक्षा के दौरान बेहजम के एडीओ पंचायत ने मिस्त्री न मिलने की समस्या बताई। रमियाबेहड़ के एडीओ पंचायत ने गांवों में प्रचार प्रसार के लिए धनराशि और ऑपरेटर की मांग रखी। इसके अलावा गांवों में दो बार टिगरिंग कराने का सुझाव दिया गया। खंड प्रेरकों ने मोबाइल और पेट्रोल खर्चे की मांग की। डीएम ने समस्याओं को जल्द दूर करने के निर्देश दिए।
छह माह में बनाने हैं 3.14 लाख शौचालय
जिले को खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) करने के लिए छह माह में 3.14 लाख शौचालय बनाए जाने हैं। इसके लिए प्रतिदिन प्रत्येक ब्लॉक में 200 शौचालय बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे 15 ब्लॉकों में प्रतिदिन तीन हजार शौचालय बन सकेंगे। इसमें सहयोग के लिए सफाईकर्मियों और रोजगार सेवकों की भी जिम्मेदारी तय कर दी गई है।